LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

पुलिस का बड़ा खुलासा – जमीन ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार..पढें पूरा मामला

बिलासपुर.. जमीन ठगी के एक बड़े मामले में बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन बिक्री का फर्जीवाड़ा कर रहा था। पुलिस के अनुसार जमीन का खसरा नंबर बदलकर हजारों वर्गफुट भूमि का नामांतरण कर ठगी की गई थी।

कैसे हुआ खेल?

जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 1999 में एसईसीएल में कार्यरत होने के दौरान उन्होंने ग्राम मोपका की भूमि खरीदी थी। भूमि का खसरा नंबर 404/4 पर नामांतरण कराया गया था। इसके बाद उन्होंने इसे सावित्री देवी राठौर को बेच दिया।

लेकिन बाद में पता चला कि आरोपी सुरेश मिश्रा और उसके साथियों ने उप पंजीयक कार्यालय से विक्रय विलेख की प्रति निकालकर उसमें छेड़छाड़ की। मूल प्रति में खसरा नंबर 404 दर्शाया गया। जबकि कार्बन प्रति में इसे 429/2 दर्शाकर तहसील कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई गई। इस छल से आवेदक को भूमि के अधिकार से वंचित कर दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, सीएसपी निमितेश सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इससे पहले महेन्द्र सिंह ठाकुर, राजेश कुमार मिश्रा, मनोज कुमार दुबे और बन माली मंडल को गिरफ्तार किया जा चुका था। फरार चल रहे सुरेश मिश्रा को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस कप्तान का संदेश

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि भूमि से जुड़े फर्जीवाड़े और दस्तावेजों में छेड़छाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला न सिर्फ जमीन ठगी बल्कि लोगों के विश्वास और अधिकारों के साथ खिलवाड़ का है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close