LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News: जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्ती, तीस से अधिक शिक्षक व कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस

CG news।बिलासपुर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

अलग-अलग स्थानों पर पदस्थ कई कर्मचारियों को प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के कारण कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित कर्मचारी 24 अप्रैल तक जिला जनगणना कार्यालय में अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करें।

जानकारी के अनुसार, जनगणना कार्य को लेकर इन दिनों व्यापक स्तर पर तैयारियां और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था, लेकिन कई कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित रहे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है।

नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित कर्मचारी 27 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल हों।

यह प्रशिक्षण लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि जनगणना कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार की ओर से भी इस कार्य को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने साफ किया है कि जनगणना कार्य के दौरान बिना अनुमति छुट्टी लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि कार्य समय पर और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।

Back to top button