बिलासपुर…नेपाल के पोखरा शहर में 14 से 17 जून 2026 तक आयोजित प्रथम इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बिलासपुर के होनहार खिलाड़ी राजवीर शर्मा उर्फ शुभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के नाम स्वर्णिम उपलब्धि दर्ज कराई है। जूनियर बालक वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए राजवीर ने नेपाल और बांग्लादेश के खिलाड़ियों को पराजित कर इंटरनेशनल गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

इंदु इमैजिका हाईकोर्ट निवासी तथा एलसीआईटी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांचवीं के छात्र राजवीर शर्मा ने इस जीत के साथ न केवल बिलासपुर और छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कम उम्र में इंटरनेशनल गोल्ड मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।

स्टेट से नेशनल और अब इंटरनेशनल

राजवीर शर्मा की यह सफलता किसी एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है। सितंबर 2025 में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद दिसंबर 2025 में आयोजित ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अब इंटरनेशनल स्तर पर गोल्ड जीतकर उन्होंने उपलब्धियों की स्वर्णिम हैट्रिक पूरी कर ली है।

स्टेट में गोल्ड, नेशनल में गोल्ड और अब इंटरनेशनल गोल्ड जीतकर राजवीर शर्मा ने कम उम्र में इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है।

परिवार और कोच ने जताया गर्व

राजवीर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। दादी निर्मला पुरुषोत्तम शर्मा, पिता यत्नदीप शर्मा, माता भानुप्रिया शर्मा, बड़े पापा अरविंद शर्मा, बड़ी मम्मी आरती शर्मा, चाचा रोमहर्ष शर्मा, चाची कोमल शर्मा, दीदी आराध्या शर्मा, बहन स्तुति शर्मा, भाई आर्यवन शर्मा और अक्षत शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

कोच रिमझिम गुप्ता ने कहा कि राजवीर ने अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। आने वाले समय में वह देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।