CG News।रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों की संयुक्त बैठक का एजेंडा जारी किया है।

बैठक में विद्यालय संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, अधोसंरचना विकास, पेंशन प्रकरणों और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों में डेटा अपडेट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

जारी एजेंडे के अनुसार बैठक में सबसे पहले स्कूलों के सुचारू संचालन से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। इसमें विद्यालयों की साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत कार्य, पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, साइकिल वितरण तथा आवश्यक कार्यों के लिए जारी राशि के उपयोग की स्थिति पर चर्चा होगी।

विभाग ने अधिकारियों और शिक्षकों की उपस्थिति को भी प्रमुख एजेंडे में शामिल किया है। संभागीय, जिला और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षकों की वीएसके (VSK) ऐप के जरिए उपस्थिति की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।

युक्तियुक्तकरण के बाद कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई और दंड निर्धारण का मुद्दा भी बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल है। विभागीय ई-एचआरएमएस (CG School) पोर्टल में अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की प्रविष्टियों के अद्यतन तथा सीसीएमएस पोर्टल में नियमित एंट्री की स्थिति पर भी चर्चा होगी।

बैठक में पिछले तीन वर्षों के निर्माण कार्यों की जानकारी, भवनविहीन, विद्युतविहीन और शौचालयविहीन विद्यालयों की स्थिति, लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण और जिला एवं संभाग स्तर पर पदोन्नति संबंधी मामलों की समीक्षा भी की जाएगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत केंद्रीकृत किचन व्यवस्था, विद्यालय प्रबंधन समितियों के गठन के संबंध में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन तथा विद्यार्थियों की प्रोग्रेशन एंट्री को यू-डाइस (UDISE) पोर्टल में दर्ज कराने की प्रगति पर भी विशेष रूप से चर्चा होगी।