दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डिपरापारा में युवती का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा सुसाइड नोट और मोबाइल फोन मिला है।

सुसाइड नोट में युवती ने योगी नामक युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने, शारीरिक संबंध बनाने और निजी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान पायल निर्मलकर के रूप में हुई है। वह दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, बड़ा भाई और छोटी बहन हैं। उसका 27 वर्षीय भाई छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की पहली बटालियन, भिलाई में पदस्थ है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पायल घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने दुपट्टे से फांसी लगा ली। जब उसका भाई ड्यूटी से घर लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। अंदर पहुंचने पर पायल फंदे से लटकी मिली।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जो छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा गया था। नोट में युवती ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगी है। साथ ही योगी नामक युवक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

सुसाइड नोट में युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उसका भरोसा जीतकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पिछले करीब दो महीने से उसे परेशान कर रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती के मुताबिक, जब उसने युवक से दूरी बनाने की कोशिश की, तो वह उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा।

नोट में परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी है। युवती ने संबंधित युवक को सजा दिलाने और अपने लिए न्याय की मांग की है। ये आरोप फिलहाल सुसाइड नोट में लिखी बातों पर आधारित हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोबाइल में तस्वीरें, भुगतान से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य जानकारियां मिली हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल सुसाइड नोट, मोबाइल फोन में मौजूद सामग्री और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि और संबंधित व्यक्ति की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

युवती की मौत के मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की सत्यता, कथित धमकियों और मोबाइल में मौजूद सामग्री की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल पुलिस की ओर से जांच पूरी होने और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि किए जाने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।