बिलासपुर…सड़क दुर्घटना के मामले में लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा स्थायी वारंटी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बिल्हा पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत बलौदाबाजार जिले के रमदईया गांव में पतासाजी कर लीलाराम ध्रुव को गिरफ्तार किया। उसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, लीलाराम ध्रुव सड़क दुर्घटना के एक मामले में आरोपी था और काफी समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लुक-छिप रहा था। स्थायी वारंटों की तामिली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को उसके गृहग्राम की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में स्थायी वारंटियों की तलाश की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर 11 स्थायी वारंट तामिल किए जा चुके हैं।

कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, आरक्षक उपेन्द्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की भूमिका रही। पुलिस ने स्थायी वारंटियों की तलाश और तामिली का अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।