बिलासपुर…सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में पुरानी रंजिश ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया, जिसमें तीन साल की मासूम को बचाने की कोशिश कर रही उसकी दादी की जान चली गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला उर्फ सोनू बच्ची को घर से उठाकर ले जाने लगा। बच्ची की मां ने विरोध किया तो उसके गले पर चाकू रख दिया। दादी राजकुमारी यादव बचाव के लिए आगे आईं तो आरोपी ने उनके सीने और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में उन्हें सिम्स ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने वाली बच्ची की मां भी घायल हुई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे की है। कालीचरण यादव की तीन साल की बेटी एकता घर के भीतर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला कथित तौर पर घर में घुसा और बच्ची को उठाकर बाहर ले जाने लगा। बच्ची की मां कल्पना यादव ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने बच्ची के गले पर चाकू लगा दिया। उसने बीच में आने वाले को जान से मारने की धमकी भी दी।

बेटी को खतरे में देख कल्पना ने अपनी सास राजकुमारी यादव को आवाज लगाई। राजकुमारी बच्ची को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन आरोपी ने उनके सीने और पेट पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान कल्पना के हाथ पर भी चाकू लगा और उनकी एक उंगली कट गई। हमले के बाद राजकुमारी खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन उन्हें निजी वाहन से सिम्स लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मोबाइल बंद कर चाचा घर छिपा आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत अपना मोबाइल बंद कर चाचा के घर में छिप गया था। पुलिस ने देर रात उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे, प्रशिक्षु अधिकारी टीकाराम निषाद और आरक्षक मनोज बघेल व रूपेश कौशिक शामिल रहे।

पुलिस ने मामले में अपहरण के प्रयास, हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। घटना से ग्राम मेंड्रा में सनसनी फैल गई है।