नाबालिग के अपहरण का खुलासा: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में बालिका बरामद, आरोपी गिरफ्तार कर पोक्सो में जेल
अपहरण के बाद शोषण: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में नाबालिग बरामद, आरोपी सीधा जेल

बिलासपुर …नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में सीपत पुलिस ने लंबी तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बालिका को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामला 8 अगस्त 2025 का है, प्रार्थी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया। रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना सीपत में अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के जरिए पुलिस को सुराग मिला कि बालिका आरोपी के साथ राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में है। सूचना पर थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर तत्काल रवाना किया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से माटेकटा इलाके में दबिश दी गई, जहां से बालिका को बरामद किया गया और आरोपी संत कुमार शाह को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इस आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 64(एम) के साथ पोक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 जोड़ी गईं।
पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत इस पूरे मामले में तेजी दिखाई गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





