बिलासपुर, 13 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन तथा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के निर्देश पर भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, बिलासपुर की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। 26 पदाधिकारियों वाली इस टीम में जिले के वरिष्ठ पत्रकार विनोद सिंह ठाकुर को बिलासपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। संयोग से नियुक्ति की घोषणा उसी दिन हुई, जिस दिन विनोद सिंह का जन्मदिन भी था। ऐसे में इसे संगठन की ओर से उनके लिए जन्मदिन के विशेष उपहार के रूप में भी देखा जा रहा है।

पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय विनोद सिंह ठाकुर अपनी सशक्त लेखनी, सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक समझ के लिए जाने जाते हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उनका भाजपा संगठन से भी निरंतर जुड़ाव रहा है। इसी अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए संगठन ने उन्हें सोशल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि वर्तमान दौर डिजिटल संचार का है, जहां सोशल मीडिया संगठन और आमजन के बीच सबसे प्रभावी संवाद का माध्यम बन चुका है। ऐसे समय में पत्रकारिता का व्यापक अनुभव रखने वाले विनोद सिंह ठाकुर की नियुक्ति से संगठन की गतिविधियों, नीतियों और जनहित के कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

नई कार्यकारिणी में बिल्हा विधानसभा के संयोजक के रूप में बलदेव अग्रवाल, तखतपुर के सहसंयोजक रघुनंदन गुप्ता, बिलासपुर पूर्व के सहसंयोजक नवीन उभराइनी, बिलासपुर मध्य के कार्यालय प्रभारी सुदर्शन राजा, बिल्हा कार्यालय के सह प्रभारी सतनारायण शर्मा, तखतपुर क्षेत्र के मीडिया प्रभारी दुर्गेश कश्यप, त्रिपुरा-सिरगिट्टी क्षेत्र के मीडिया सह प्रभारी सुभाष सिंह सहित विभिन्न दायित्वों पर कुल 26 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

विनोद सिंह ठाकुर की नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पत्रकार साथियों और उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी और जन्मदिन की बधाई दी। उनका मानना है कि पत्रकारिता में अर्जित अनुभव, संवाद कौशल और संगठनात्मक समझ भाजपा के सोशल मीडिया अभियान को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी।