बिलासपुर…जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह ने सोमवार को महज़ संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक हुंकार का रूप ले लिया। मंच पर प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया कि पार्टी अब संगठन, किसान और वैचारिक मुद्दों पर सीधे टकराव की रणनीति में है।

प्रदेश के दिग्गजों का जमावड़ा, संगठन पर जोर

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विजय केसरवानी, विजय पांडे, शैलेश पांडे, पुरुलिया रामसर यादव सहित जिले के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संगठन की एकता और अनुशासन को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया।

‘एकजुटता ही सत्ता की कुंजी’

प्रदेश स्तरीय नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि कांग्रेस आपसी मनमुटाव, व्यक्तिगत असंतोष और सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलती है, तो 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनना तय है। नेताओं ने माना कि संगठन की कमजोरी नहीं, बल्कि अंदरूनी खींचतान ही अब तक सबसे बड़ी बाधा रही है।

शंकराचार्य प्रकरण पर टी.एस. सिंह देव का तीखा प्रहार

शपथ ग्रहण से पहले पत्रकारों से बातचीत में टी.एस. सिंह देव ने प्रयागराज में शंकराचार्य से जुड़े घटनाक्रम को अत्यंत निंदनीय और अकल्पनीय बताया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य हिंदू धर्म की सर्वोच्च आध्यात्मिक परंपरा के वाहक हैं और उनकी पीठ पर आसीन व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार न तो स्वीकार्य है और न ही कभी सोचा जा सकता था।

सनातन की बात करने वालों के राज में अपमान’

सिंहदेव ने कहा कि जो सरकार खुद को सनातन और हिंदुत्व का सबसे बड़ा संरक्षक बताती है, उसी सरकार और उसके अधिकारियों के कार्यकाल में शंकराचार्य और उनके अनुयायियों के साथ धक्का-मुक्की, अभद्रता और अपमान हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यही हिंदुत्व है, तो इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है।

https://www.youtube.com/watch?v=rEcULMfhCyE
‘

हिंदुत्व नहीं, देश संकट में है’

‘क्या हिंदुत्व संकट में है’—इस सवाल पर टी.एस. सिंह देव ने कहा कि संकट हिंदुत्व का नहीं, बल्कि पूरे देश का है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जनता ने जिम्मेदारी सौंपी, उन्हीं के कारण देश संकट की स्थिति में पहुंचा है। शंकराचार्य से यह प्रमाण मांगना कि वे शंकराचार्य हैं या नहीं, उन्होंने इसे सोच से परे बताया।

धान खरीदी पर सरकार की नीयत पर सवाल

धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सिंह देव ने कहा कि दो साल बीतने के बाद भी सरकार राइस मिलों, पंजीयन, टोकन और कोटा व्यवस्था को संभाल नहीं पाई है। सीमित टोकन और पंजीयन की बाधाओं से साफ है कि सरकार किसानों से धान खरीदना ही नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने किसानों को इतना परेशान कभी नहीं देखा।
‘

अन्नदाता को चोर बना दिया गया’

टी.एस. सिंह देव ने कहा कि स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि किसानों के घर जाकर यह जांच की जा रही है कि जितना टोकन कटा है, उतना धान मौजूद है या नहीं। अन्नदाता को चोर की तरह देखना उन्होंने किसानों का सबसे बड़ा अपमान बताया।

दीपक बैज: धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। रकबा कटौती, गिरदावली में गड़बड़ी, जबरन रकबा समर्पण, टोकन न काटना और पंजीयन रोकना यह साबित करता है कि सरकार किसानों के साथ छल कर रही है और लाखों किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा।

कांग्रेस का ऐलान: खरीदी केंद्रों पर आंदोलन

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता धान खरीदी केंद्रों तक पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और दबाव बनाएंगे कि हर किसान का धान खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान खरीदी व्यवस्था को मजाक बना दिया है।

शंकराचार्य अपमान पर प्रदेश-व्यापी विरोध

शंकराचार्य प्रकरण पर दीपक बैज ने कहा कि माघ मेले में शंकराचार्य को स्नान से रोकना, उनके अनुयायियों को पीटना और गिरफ्तार करना किसी भी रूप में हिंदू धर्म नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस अपमान के खिलाफ प्रदेश-व्यापी आंदोलन करेगी।

संगठन सृजन पर साफ संदेश

संगठन सृजन को लेकर दीपक बैज ने स्पष्ट किया कि सभी पदाधिकारी योग्यता और पार्टी के प्रति समर्पण के आधार पर बनाए गए हैं। पदों के लिए लेन-देन के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह खारिज किया और कहा कि यही संगठन आने वाले समय में भाजपा सरकार को सीधी चुनौती देगा।