बिलासपुर: (मनीष जायसवाल) । शिक्षा विभाग के दफ्तरों में आपदा को अवसर और अवसर से लाभ का अंदरखाने का खेल प्रचलित है। जो बिलासपुर में बरसों से चुपचाप चल रहा था, अब उसकी परतें एक-एक करके खुलने लगी हैं। लोक शिक्षण संचालनालय से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी दफ्तर तक ऐसा लगता है जैसे नियम-कायदे सिर्फ कागजों में रह गए हों और असली सरकार कुछ बाबुओं की मर्जी से चल रही हो। सहायक ग्रेड तीन का बाबू और लिपिक संघ के बड़े नेता सुनील कुमार यादव इन दिनों इसी खेल का सबसे बड़ा नाम बनकर सामने आया है। फर्जी अनुकंपा नौकरी, गलत तरीके से पदोन्नति, मनपसंद जगह पोस्टिंग और लाखों के लेन-देन जैसी शिकायत अब जांच रिपोर्ट का हिस्सा बन गई है।

आरोप है कि बाबुओं से जुड़ी एक पदोन्नति की विभागीय जांच में साफ लिखा है कि अंतरिम वरिष्ठता सूची के भरोसे पदोन्नति कर दी गई, यानी शुरू से ही पूरी प्रक्रिया गड़बड़। जहां पद खाली थे, वहां लोगों को नहीं भेजा गया और जहां एक भी कुर्सी खाली नहीं थी, वहां बाबुओं को ठूंस दिया गया। कई कर्मचारियों की हालत यह रही कि वे काम कहीं और कर रहे हैं और तनख्वाह कहीं और से निकल रही है। मतलब दफ्तर में सब कुछ उल्टा-पुल्टा, लेकिन फाइलों में सब ठीक-ठाक है।

आरोपो की कड़ी में दिव्यांगता के नाम पर भी जमकर खेल हुआ। नियमों में जहां पदोन्नति में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है वहां बेधड़क आदेश निकाल दिए गए। किसे फायदा मिला और किसे नुकसान यह देखने वाला कोई नहीं, बस जिनकी पहुंच थी । उनका काम होता चला गया।

सबसे ज्यादा बदनामी अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर हुई। जिस नौकरी को सरकार दुखी परिवार के सहारे के लिए देती है, उसे यहां कमाई का धंधा बना दिया गया। जिन घरों में पति-पत्नी दोनों सरकारी नौकरी में थे, वहां भी बच्चों को नौकरी बांट दी गई। कहीं एक ही परिवार से दो-दो लोगों को रख लिया गया। आरोप है कि इसके बदले 10-15 लाख रुपये तक लिए गए। मतलब दुख नहीं, सौदा देखा गया।

आरोपों के मुताबिक एक मामला तो हद ही पार कर गया। कर्मचारी की मौत के पूरे पांच साल बाद अनुकंपा नियुक्ति दी गई, जबकि पहले ही फाइल खारिज हो चुकी थी। अचानक फाइल दोबारा खुली, कागज पलटे और नौकरी निकल गई। शिकायत में साफ लिखा है कि इसके लिए फर्जी शपथ पत्र बनवाए गए और ऊपर तक मैनेजमेंट किया गया।

इतना ही नहीं शिकायत दर्ज है कि शिक्षकों, बाबुओं और भृत्यों को नियम तोड़कर कार्यालय में संलग्न किया गया और उनसे हर महीने तय रकम वसूली गई। कोई शिक्षक 10 हजार देता रहा, बाबू 5 हजार और भृत्य 2 हजार। दूर-दराज के स्कूलों से लोगों को खींचकर दफ्तर में बैठाया गया, जबकि पहले से ही यहां जरूरत से ज्यादा लोग जमे हुए थे। यह सब सालों तक चलता रहा और जिम्मेदार अफसर तमाशबीन बने रहे।

दस्तावेज कहते हैं जो सबसे बड़ा सवाल बनता है कि जब जांच में गड़बड़ी साबित हो चुकी है, तो अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। गलत पदोन्नतियां आज भी कायम हैं, किसी की कुर्सी नहीं हिली। आरोप यह लगाया गया है कि सुनील पहले वेतन गबन जैसे मामले में निलंबन हो चुका है, फिर भी वही चेहरे अहम कुर्सियों पर टिके रहे। हाल में कुछ प्रभार छीने गए हैं, लेकिन लोग इसे कार्रवाई नहीं, असल में मामला ठंडा करने की चाल मान रहे हैं।

उधर सुनील यादव का कहना है कि उस पर लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं और जो भी हुआ, ऊपर के अफसरों के कहने और नियम के मुताबिक हुआ। लेकिन सवाल सीधा और सपाट है । अगर सब कुछ नियम से था, तो एक जांच रिपोर्ट में इतनी गड़बड़ियां क्यों लिखी गई। जांच के बाद कार्यवाही क्या हुई।
क्यों नहीं बाबू को किसी स्कूल में पदस्थ किया गया। क्यों जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण खंड के प्रभार दिए गए।
गलती रायपुर के अधिकारियों की है कि बिलासपुर के या फिर सुनील को बेवजह फसाया जा रहा है परेशान किया जा रहा है।

अब देखना यह है कि इस बार सच में जांच होगी या फिर हमेशा की तरह यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा या सुनील निर्दोष साबित होकर निकलेगा। तब तक
शिक्षा विभाग का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।