बिलासपुर । अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आज का दिन विशेष महत्व का रहा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत आयोजित परीक्षाओं का आज अंतिम दिन रहा। इसी क्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बी.एससी. होम साइंस प्रथम सेमेस्टर (NEP) परीक्षा सत्र 2025–26 का परिणाम  घोषित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ए. डी. एन. वाजपेयी  ने सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति आधारित शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है । यह परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन तथा नई शिक्षा नीति की प्रभावशीलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। उन्होंने असफल विद्यार्थियों को निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे विद्यार्थी आगामी अवसरों में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

परीक्षा परिणाम के सफल आयोजन एवं समयबद्ध घोषणा पर  कुलपति  ने विश्वविद्यालय के गोपनीय विभाग एवं परीक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम एवं समन्वय के कारण ही परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं फलस्वरूप विश्वविद्यालय द्वारा परिणाम समय पर घोषित किया जा सका प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज NEP परीक्षाओं का अंतिम दिन रहा और उसी दिन बी.एससी. होम साइंस प्रथम सेमेस्टर का परिणाम जारी किया जाना विद्यार्थियों के लिए राहत एवं उत्साह का विषय है। छात्र-छात्राएं अपना परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अपने संबंधित महाविद्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।