बिलासपुर…फरहदा स्थित जेके पब्लिक स्कूल एक बार फिर अभिभावकों के सवालों के घेरे में है। फीस संरचना, ट्रांसपोर्ट शुल्क, प्रयोगशाला सुरक्षा, यूनिफॉर्म और पुस्तकों की बिक्री से लेकर छात्र सुरक्षा तक कई ऐसे मुद्दे सामने आए हैं जिन पर अब पालक खुलकर जवाब मांग रहे हैं।

नर्सरी बच्चों से लैब फीस..किस सुविधा का शुल्क?

अभिभावकों का कहना है कि नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 के विद्यार्थियों से लैब, लाइब्रेरी और डेवलपमेंट फीस वसूली जा रही है। सवाल यह है कि जिन सुविधाओं का उपयोग छोटे बच्चे व्यवहारिक रूप से नहीं करते, उनका शुल्क किस आधार पर लिया जा रहा है?

फीस का पूरा हिसाब क्यों नहीं? पारदर्शिता से परहेज

पालकों का आरोप है कि विभिन्न मदों में शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन उसकी विस्तृत और स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती। अब मांग उठ रही है कि विद्यालय अपनी फीस संरचना और अनुमोदन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करे।

लैब सुरक्षित है या बच्चों को जोखिम में छोड़ दिया 

सीबीएसई नियमों के अनुसार प्रयोगशालाओं में सुरक्षा संसाधन अनिवार्य हैं। अभिभावकों का सवाल है कि यदि पूर्व में कमियां सामने आई थीं तो उनका सुधार और सत्यापन किस स्तर पर हुआ?

दिव्यांग बच्चों के लिए सुविधा या औपचारिकता?

शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत रैम्प और  बैरियर-फ्री व्यवस्था अनिवार्य है। अब यह सवाल उठ रहा है कि विद्यालय परिसर वास्तव में दिव्यांग अनुकूल है या केवल दस्तावेजों में?

ट्रांसपोर्ट सेवा या कमाई का अलग मॉडल?

अभिभावकों का कहना है कि परिवहन शुल्क की गणना और खर्च का कोई स्पष्ट ब्योरा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह जांच का विषय बनता है कि ट्रांसपोर्ट शुल्क वास्तविक लागत के आधार पर तय किया गया है या नहीं।

छुट्टियों में भी पूरी फीस… बिना सेवा शुल्क वसूली

ग्रीष्मकालीन अवकाश सहित लंबे अवकाशों में भी परिवहन शुल्क लिए जाने को लेकर पालकों ने सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब बसें नहीं चलतीं तो शुल्क किस नियम के तहत लिया जाता है?

यूनिफॉर्म और किताबें: सुविधा के नाम पर दबाव

सीबीएसई लगातार विद्यालयों को व्यावसायिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देता रहा है। इसके बावजूद यदि किसी विशेष दुकान या विक्रेता से खरीदारी के लिए दबाव बनाया जा रहा है तो इसकी जांच होनी चाहिए।

स्कूल बसें कितनी सुरक्षित? जवाब दस्तावेज देंगे या दावे?

वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, जीपीएस, स्पीड गवर्नर और चालक सत्यापन जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों का सार्वजनिक परीक्षण होना चाहिए।

डीईओ-आरटीओ की संयुक्त जांच से ही खुलेगा सच?

शिक्षा और परिवहन विभाग के संयुक्त निरीक्षण की मांग तेज हो रही है। पालकों का मानना है कि दस्तावेजी जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नियमों का पालन जमीन पर हो रहा है या केवल कागजों में।

 जवाब देगा प्रबंधन या बढ़ेंगे संदेह?

अभिभावकों का कहना है कि यदि विद्यालय की व्यवस्थाएं पूरी तरह नियमों के अनुरूप हैं तो प्रबंधन को सामने आकर सभी प्रश्नों का जवाब देना चाहिए। चुप्पी जितनी लंबी होगी, सवाल उतने ही बड़े होते जाएंगे।