बेमेतरा… शहर के सतनाम चौक पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दो कारों और ट्रैक्टर के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक कार अनियंत्रित होकर मकान की दीवार से जा टकराई। वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए दरवाजे तक तोड़ने पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे के बाद वार्ड क्रमांक-2 स्थित सतनाम चौक की है। जानकारी के मुताबिक, नवागांव से लौट रहा एक परिवार रेनॉल्ट कार CG 04 SC 8643 में सवार था। कार में चालक सहित तीन महिलाएं थीं। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार CG 25 H 238 ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद वाहनों की भिड़ंत का सिलसिला आगे बढ़ा और एक कार टाटा कार CG 04 MZ 3474 तथा ट्रैक्टर से टकराते हुए मकान की दीवार से जा भिड़ी।

हादसे में परिवार की कार में आगे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका बेरला क्षेत्र के ग्राम सोढ़ की निवासी बताई जा रही है। वहीं दूसरी कार में सवार वाइस उर्फ लक्की देशलहरे की भी घटनास्थल पर मौत हो गई। वह बेमेतरा का रहने वाला था। दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए एसआरएस अस्पताल पहुंचाया गया।

दरवाजे तोड़कर निकाले गए घायल

हादसे के समय वहां से गुजर रहे एंबुलेंस चालक सूरज मानिकपुरी ने बताया कि वह कवर्धा से मरीज लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान सतनाम चौक पर दोनों कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई। एक कार टक्कर मारने के बाद मकान में जा घुसी। वाहनों में कुछ लोग बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए दरवाजे तोड़ने पड़े। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।

नशे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। दुर्घटना के समय कार चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इसकी पड़ताल कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति, टक्कर की परिस्थितियों और वाहनों की गति की भी जांच की जा रही है।

एक ही हादसे में दो लोगों की जान जाने से मृतकों के परिवारों में शोक है। शहर के व्यस्त चौक पर तड़के हुए इस हादसे ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है।