बिलासपुर..अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा ने जिस उलगुलान का बिगुल फूंका था, वह आज भी जनजातीय स्वाभिमान, अधिकारों और अपनी पहचान की लड़ाई का प्रतीक है। जनजातीय गौरव दिवस पर रविवार को बिलासपुर के मंथन सभाकक्ष में धरती आबा को याद करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।

जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित जनप्रतिनिधि और आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और अन्याय के सामने नहीं झुकने की प्रेरणा के रूप में सामने आया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश के गौरव से जुड़ी है। उनका जीवन और संघर्ष हर देशवासी को प्रेरित करता है। उन्होंने आदिवासी समाज के उद्यमियों से संवाद कर उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली और जनजातीय विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के प्रयासों से आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने नक्सलवाद का सबसे अधिक दंश झेलने वाले आदिवासी समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मुक्ति मिलने पर जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होगी। पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया।

भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह नहीं था, बल्कि जल-जंगल-जमीन, संस्कृति, पहचान और अधिकारों की रक्षा का व्यापक संघर्ष था। प्रकृति के संरक्षण, सामाजिक एकजुटता और आत्मसम्मान से जुड़े उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनकी विरासत नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास संजय चंदेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आदिवासी समाज के सदस्यों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।