बिलासपुर…. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संभावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने आयोजन स्थलों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और आम नागरिकों की सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ शामिल है। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में आयोजित आमसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सेंदरी स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और धान खरीदी केंद्र का अवलोकन भी कर सकते हैं। जिला कार्यालय के न्यू कंपोजिट भवन में एसबीआई के सीएसआर मद से तैयार कंप्यूटर लैब का शुभारंभ और पुराना बस स्टैंड में नवनिर्मित ऑटोमेटेड कार पार्किंग का लोकार्पण भी कार्यक्रम में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग इंतजाम, पर्याप्त पार्किंग तथा आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, चिकित्सा दल और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।

आमसभा में पहुंचने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पचभाई, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और मधुलिका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।