बिलासपुर…पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक हिस्ट्रीशीटर ने 60 वर्षीय महिला को रास्ते में रोककर चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर का है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से स्टील का बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी रामकुमारी साहू 13 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे इलाज कराने गांव के डॉक्टर के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दीपक साहू ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अश्लील गाली-गलौज करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने बटनदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

विवाद की वजह महिला का बेटा लक्ष्मीनारायण साहू और आरोपी का भाई विशाल साहू के बीच पुराना मामला बताया जा रहा है। पिछले साल लक्ष्मीनारायण ने विशाल की फसल की हार्वेस्टर से कटाई की थी। इसी बात को लेकर दीपक उससे रंजिश रखता था। इसी रंजिश में उसने बेटे के बजाय उसकी मां को निशाना बनाया।

महिला ने 14 नवंबर को सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।