बिलासपुर…नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भपात के मामले में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद बच्ची का गर्भपात कराया और इसके बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया। इतना ही नहीं, नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी भी पुलिस को नहीं दी गई। तोरवा पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, तोरवा क्षेत्र की नाबालिग बच्ची को बुधवारी निवासी गणेश सोनी ने शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान बच्ची गर्भवती हो गई। आरोप है कि गणेश सोनी ने एक महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में उसका गर्भपात कराया। मामले में पुलिस ने पहले ही गणेश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था।

जांच में सामने आई डॉक्टर की भूमिका

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह, निवासी उसलापुर से पूछताछ की। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का आरोप है कि डॉक्टर को बच्ची के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। गर्भपात के बाद भ्रूण को मामले का अहम साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा बच्ची के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को देना भी जरूरी नहीं समझा गया।

पुलिस ने इन आरोपों और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर 13 नवंबर को सुब्धा मसीह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी अपराध दर्ज है।

एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने विवेचना आगे बढ़ाई। इसी दौरान महिला डॉक्टर की भूमिका सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी की गई।