बिलासपुर.. जिले में धान खरीदी का महाअभियान रविवार से शुरू हो गया। पहले दिन बिल्हा विकासखंड के हरदी उपार्जन केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना के बाद खरीदी शुरू हुई। अपनी उपज लेकर पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी का माला पहनाकर और नारियल भेंटकर स्वागत किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल भी केंद्र पहुंचे और अपनी मौजूदगी में किसान के धान की तौल कराई।

हरदी केंद्र में पहले दिन किसान विजय कुमार धुरी से 12.40 क्विंटल मोटा महामाया धान खरीदा गया। कलेक्टर ने तौल प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को खरीदी सुचारू एवं पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए बताया कि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी किसानों को प्रति एकड़ के हिसाब से एकसमान आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

जिले के सभी 154 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी की गई हैं। धान विक्रय के लिए करीब 1 लाख 36 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। हरदी केंद्र में हरदी, बसिया और कोरमी गांव के कुल 1,139 किसान पंजीकृत हैं। पहले दिन यहां दो किसानों के टोकन जारी किए गए थे।

अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी ने खरीदी व्यवस्था पर संतुष्टि जताई। कलेक्टर ने केंद्र में धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त स्टैकिंग व्यवस्था रखने और आवक के अनुरूप तौल की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी की सतत निगरानी करने तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार और असुविधा से बचाने के निर्देश दिए।