बिलासपुर..सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग भी चोरों के निशाने पर है। सकरी थाना क्षेत्र के सैदा तिवारीपारा में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगी करीब 12 मीटर लंबी लोहे की रेलिंग चोरी हो गई। चोर ने वारदात को अंजाम देने के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया। शिकायत मिलने के बाद सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गई पूरी रेलिंग और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, ओडिशा निवासी और वर्तमान में लोखंडी के बीएन सिटी में रहने वाले प्रसाद पंडा ने 14 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सैदा तिवारीपारा में एनएच किनारे लगी 12 मीटर लंबी लोहे की रेलिंग, जिसकी कीमत करीब 36 हजार रुपये है, चोरी हो गई। मामले में धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सकरी पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर गोपी साहू , निवासी वार्ड क्रमांक 1, सकरी को पकड़ लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से चोरी गई पूरी रेलिंग बरामद हुई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर सीजी 10 एए 8341 भी जब्त किया है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।