Cg news।भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर से सटे ग्राम पंचायत चौगेल स्थित एक घर के भीतर से शिक्षक का सड़ा-गला शव मिला है।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार मृतक की पहचान विमल गोटा के रूप में हुई है। घर से तेज दुर्गंध उठने के बाद पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने घर के अंदर से शिक्षक विमल का शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम भौतिक साक्ष्य जुटाए, वहीं पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

घर में अकेले रहते थे शिक्षक
शव की स्थिति को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि, शिक्षक की मौत करीब 2 से 3 दिन पहले हुई होगी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि, मृतक विमल गोटा घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी भी पेशे से शिक्षिका हैं, लेकिन पारिवारिक कारणों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

बदबू आने पर खुला मौत का राज
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि, पिछले कुछ दिनों से न तो किसी को घर के अंदर जाते देखा गया और न ही विमल बाहर निकले थे। जब लोग घर के पास से गुजरे तो भीतर से तेज बदबू आ रही थी। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पत्नी और उनके अन्य करीबियों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक समय और कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।