बिलासपुर… जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अंग्रेजी हुकूमत से टकराने वाले भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। विकास की दौड़ में अपनी सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत को पीछे नहीं छोड़ना चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में यह बात कही। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय नायकों ने केवल देश की आजादी के लिए ही संघर्ष नहीं किया, बल्कि अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए भी ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। उनका त्याग और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव दिवस इन महानायकों को याद करने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को भी संजोकर रखना जरूरी है।

भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के दांत खट्टे कर दिए थे। जनजातीय समाज के शोषण और उसकी संस्कृति को नष्ट करने के प्रयासों के खिलाफ उनका संघर्ष पूरे देश को प्रेरित करता है। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों की शौर्यगाथाओं से परिचित कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की धरती को भी जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान की साक्षी बताया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि अकाल के समय गरीबों की भूख मिटाने के लिए उन्होंने अनाज के गोदाम खुलवा दिए थे। ऐसे नायकों ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के साथ स्वतंत्रता की चेतना जगाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में प्रतिष्ठित कर इस समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिया है। जनजातीय नायकों के संघर्ष को संग्रहालयों के माध्यम से भी सहेजा जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके इतिहास से परिचित हो सकें।

साढ़े छह हजार गांवों तक पहुंच 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान और सर्वांगीण विकास के लिए सरकार काम कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल किए गए हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने को पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्यमंत्री ने वनवासी कल्याण आश्रम के सेवाकार्यों की सराहना करते हुए स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद किया। उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच सामाजिक विश्वास कायम करने में जोगेश्वर यादव की सेवा भावना का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के प्रयास भी सराहनीय हैं।

 जनजातीय वीथिका बनी आकर्षण

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। यहां जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष, वीरता और देश की आजादी में उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शित जानकारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी वीथिकाएं युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महान नायकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रतिमा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवाओं को बिरसा मुंडा के विचारों तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाती रहेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान के माध्यम से शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया तथा अपने प्राणों की आहुति दी। उनका भगवान के रूप में सम्मानित होना जनमानस पर उनके असाधारण प्रभाव को दर्शाता है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे महानायकों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। बिरसा मुंडा की प्रतिमा उनके साहस और बलिदान का स्मरण कराती रहेगी।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित थे। संगोष्ठी के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। कुलपति ने आभार व्यक्त किया।