बिलासपुर…..भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की गौरवगाथा के बीच बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय नायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर शिक्षा और विकास के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनना होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने करीब 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास अपनी संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के संघर्ष का इतिहास है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के दमन के विरुद्ध आवाज उठाई और समाज में स्वाभिमान की चेतना जगाई। छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की मदद कर अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का उल्लेख करते हुए लोगों से जनजातीय नायकों के इतिहास और योगदान को जानने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। एकलव्य विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति का वातावरण बनने से विकास कार्यों को गति मिलने की बात भी उन्होंने कही।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जनजातीय गौरव दिवस को अपने इतिहास और नायकों के योगदान को याद करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने जनजातीय समाज की एकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने जनजातीय नायकों के योगदान को इतिहास में व्यापक स्थान देने और पारंपरिक ज्ञान, रीति-रिवाजों तथा जड़ी-बूटियों के ज्ञान के संरक्षण की आवश्यकता बताई। समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। सर्व आदिवासी समाज की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे तथा गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन समिति की संयोजिका वंदना उइके ने आभार व्यक्त किया।