रायगढ। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के बोतल्दा स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट अटल रॉक गार्डन में एक युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

सक्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 साल की एक युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ यहाँ घूमने गई थी, जहाँ दो युवकों ने न केवल उनके साथ मारपीट और लूटपाट की, बल्कि युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म भी किया।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा के अटल रॉक गार्डन घूमने पहुँची थी। घूमते-घूमते दोनों पिकनिक स्पॉट से पहाड़ के ऊपर चले गए। इसी दौरान वहाँ दो युवक आ धमके।

आरोपियों ने पहले प्रेमी जोड़े को डराया-धमकाया, उनके साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद रुपए छीन लिए। इसके बाद दोनों ने बेरहमी से युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और खरसिया थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर लिया। खरसिया पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में दोनों की पहचान कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय राहुल पटेल और 20 वर्षीय थनेश्वर पटेल निवासी बोतल्दा के रूप में हुई है।

पहले भी वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि, दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं और पहले भी इस इलाके में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। हालांकि डर या झिझक के कारण पहले के पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिसके कारण वे अब तक बचे हुए थे।

आरोपियों से कर रही कड़ी पूछताछ
खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है, जहाँ उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।