CG News-अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में छठ मनाने गए शिक्षक और कारोबारी के घर लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने लगभग 20 लाख की ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को भी खंगाला जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर की है।

शिक्षक मनोज सिंह राजपुर में पदस्थ हैं। रविवार की शाम वो अपने परिवार के साथ छठ मनाने घुनघुट्टा डैम गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर अन्य दरवाजों के ताले भी टूटे मिले।

कमरों में रखी तीन अलमारियों में रखे जेवर और नगदी भी गायब थे। इतना ही नहीं चोरों ने पड़ोस में रहने वाले व्यवसायी संजय सिन्हा के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। व्यवसायी के घर से भी लाखों के जेवर और नगदी गायब थे। चोरों ने दोनों घर से लगभग 20 लाख की चोरी की थी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डाॅग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आशंका जता रही हैं कि चोरों ने पहले रेकी की, फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा जांच जारी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने दावा किया हैं कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।