बिलासपुर… तखतपुर पुलिस ने किराना दुकान में चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसते हुए गुटखा, सिगरेट और बीड़ी समेत अन्य सामान चोरी किया था।

पुलिस के अनुसार ग्राम जरौंधा निवासी राजेश कुमार साहू ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने उनकी साहू किराना दुकान के पीछे की दीवार को तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और पान मसाला, सिगरेट व बीड़ी के लगभग 45 से 50 पैकेट चोरी कर ले गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तखतपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को दी गई, जिसके मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अमने, थाना कोटा निवासी बुधराम जगत को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि चोरी किए गए कुछ सामान को शनिचरी बाजार, बिलासपुर में बेच दिया गया तथा प्राप्त रकम खर्च कर दी गई।

आरोपी के मेमोरेण्डम कथन पर शेष बचे चोरी के सामान में 15 पैकेट राजश्री गुटखा, 15 पैकेट विमल गुटखा केपी हित, 1 पुड़ा जयंती बीड़ी, 5 कट्टा सोल्जर बीड़ी एवं 5 पैकेट चार्म्स सिगरेट कुल कीमत लगभग 5 हजार रुपये जब्त की गई।

पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी बुधराम जगत, निवासी ग्राम अमने, को विधिवत गिरफ्तार कर धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।