बिलासपुर…थाना कोनी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में चार माह से फरार चल रहे आरोपी को प्रयागराज (इलाहाबाद) से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था और लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस के अनुसार थाना कोनी में 14 अगस्त 2025 को धारा 137(2), 64(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट में मामला पंजीबद्ध किया गया । प्रकरण में आरोपी स्वरित सिंह, निवासी मोपका, थाना सरकंडा को गिरफ्तार कर थाने में सुरक्षार्थ रखा गया था।

दूसरे दिन यानी 15 अगस्त 2025 को तड़के करीब 4 बजे आरोपी हथकड़ी को हाथ से सरकाकर निकाला। और पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद थाना कोनी में धारा 262 भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग से मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी प्रयागराज क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को अवगत कराया गया, जिसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर प्रयागराज रवाना की गई।

स्थानीय पुलिस के सहयोग और लगातार प्रयासों के बाद फरार आरोपी स्वरित सिंह को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सुरक्षित पुलिस अभिरक्षा में बिलासपुर लाया गया है, जिसे विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

 कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक अशोक चौरसिया, आरक्षक विजेन्द्र सिंह, आरक्षक उदय पाटले एवं महिला आरक्षक वंदना सोनवानी की विशेष भूमिका रही।