बिलासपुर…अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए तोरवा पुलिस ने गुरुवार को एक साथ तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। ठेकेदार से पहचान बनाकर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के उमरिया से बाइक समेत गिरफ्तार किया। रेलवे स्टेशन के बाहर संदिग्ध युवक के कब्जे से दो बटनदार चाकू बरामद कर उसे आर्म्स एक्ट में जेल भेजा गया। वहीं पूर्व रंजिश में मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

भरोसा जीतकर ठेकेदार की बाइक लेकर फरार

तोरवा थाना क्षेत्र में ठेकेदार सुरेंद्र बोले की मोटरसाइकिल लेकर फरार हुए आरोपी धर्मेंद्र सिंह उर्फ कमल सिंह को पुलिस ने मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ठेकेदार की साइट पर काम करता था। 12 फरवरी को उसने ठेकेदार से मोटरसाइकिल मांगी और लेकर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद वह अपने गृह क्षेत्र उमरिया फरार हो गया।

पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के अपने निवास स्थान पर होने की सूचना मिलने के बाद टीम ने उमरिया पहुंचकर उसे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 एबी 7899 सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

रेलवे स्टेशन के बाहर दो बट चाकूबाज पकडाए

दूसरी कार्रवाई में तोरवा पुलिस रेलवे स्टेशन के बाहर संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सकरी निवासी लोचन पाल को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो लोहे के बटनदार चाकू मिले। चाकुओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मौत मामले में छह राज्यों तक तलाश

तोरवा पुलिस की तीसरी और गंभीर कार्रवाई हत्या के मामले में हुई। पूर्व रंजिश को लेकर 29 मई को संतोष पासवान ने साथियों के साथ परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। गंभीर चोटों के कारण ईश्वर गोड की मौत हो गई थी। मामले में तोरवा पुलिस ने अपराध के तहत धारा 105 और 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया था।

मामले में मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि संतोष पासवान घटना के बाद फरार हो गया। पेशे से अधिवक्ता संतोष पुलिस से बचने के लिए कोलकाता सहित दूसरे राज्यों में ठिकाने बदलकर रह रहा था।

पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि वह परिवार से मिलने घर लौटने वाला है। पुलिस ने सूचना को पुख्ता करते हुए उसके घर पर दबिश दी और 20 अगस्त को संतोष पासवान को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई

तोरवा पुलिस की एक ही दिन में हुई इन तीन कार्रवाइयों में अंतरराज्यीय फरारी से लेकर वाहन संबंधी अपराध और अवैध हथियार रखने वाले आरोपी तक पुलिस की कार्रवाई पहुंची। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।