बिलासपुर…कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम सरैया के जंगल में गुरुवार को एक अज्ञात पुरुष की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जिस संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, उससे मामला गंभीर नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या के बाद पहचान छिपाने के इरादे से शव को जलाया गया होगा। हालांकि, मौत की वजह और घटनाक्रम का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सरैया में मुख्य सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जंगल की ओर एक पुरुष का जला हुआ शव पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। वैज्ञानिकों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए, वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से भी सुराग तलाशने की कोशिश की गई।

पुलिस ने घटनास्थल की कार्रवाई और शव का पंचनामा तैयार करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात मृतक की शिनाख्त करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव जंगल तक कैसे पहुंचा। अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आगे की जांच की जा रही है।