cg news/ कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

जहां जेंजरा बाईपास के पास पेड़ पर एक पूर्व स्कूल संचालक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी 36 वर्षीय शिवचरण साहू के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस को मृतक की जेब से 19 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें नौकरी लगवाने के नाम पर 50 लाख रुपए लेने, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और बढ़ते कर्ज का दर्दनाक जिक्र है।

शिवचरण साहू ने कोरोना काल के दौरान एक स्कूल की शुरुआत की थी। हालांकि विपरीत हालातों के चलते स्कूल चल नहीं पाया और उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद से ही वह गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। स्कूल बंद होने के बाद उसने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे ले लिए थे। इस पूरे काम में एक अन्य बिचौलिया भी शामिल था।

सुसाइड नोट के मुताबिक, कोरोना काल के दौरान ही उस बिचौलिए की मौत हो गई, जिसके चलते लोगों से ली गई रकम पूरी तरह फंस गई। रकम वापस न मिलने और लोगों का पैसा अटकने की वजह से शिवचरण पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया।

मृतक ने अपने 19 पन्नों के सुसाइड नोट में लेनदारों द्वारा लगातार दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। चर्चा है कि, इस सुसाइड नोट की मूल कॉपी कोरबा एसपी को भेजी गई है, जिसमें कई अन्य लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का पूरा हिसाब दर्ज है।

पुलिस कर रही जाँच
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर लिया है।कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि, जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव बरामद हुआ है। पास से मिले सुसाइड नोट में कर्ज और आर्थिक परेशानी की बात सामने आई है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की सत्यता व उसमें लिखी बातों की जांच के कर रही है।