बिलासपुर… महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार ने जनसेवा की भावना के साथ एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। सीपत रोड स्थित सखी निवास, सरस्वती होम्स में आयोजित शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और दवाइयों का लाभ लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा ने ई. राघवेंद्र राव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राघवेंद्र राव का जीवन राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान और जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण है। उनकी स्मृति में आयोजित स्वास्थ्य शिविर समाज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, क्योंकि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।

कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक सुशांत शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश वाजपेयी, वरिष्ठ नेता शिवा मिश्रा, कवर्धा जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश यदु तथा शिविर की आयोजक एवं पूर्व महापौर वाणी राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, मेडिसिन, मानसिक रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला रोग, पोषण परामर्श तथा आयुष चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया और निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।

आयोजन में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के जनसेवा आधारित कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।