DA Hike 2026/भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रांत के आह्वान पर जिला कोंडागांव इकाई द्वारा राज्य के पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान कराने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

महासंघ के जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार घाटोडे ने बताया कि प्रथम चरण के तहत 5 अगस्त को जिला मुख्यालय में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 19 अगस्त को संभागीय मुख्यालय में संभागीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संभाग आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महासंघ के सतत प्रयासों से दोनों राज्यों के बीच सहमति लेने-देने की प्रक्रिया समाप्त कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अब संगठन की प्राथमिकता छत्तीसगढ़ शासन से जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का आदेश एरियर सहित जारी कराना है, ताकि राज्य के सभी पेंशनरों को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके।

महासंघ ने स्पष्ट किया कि दोनों कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और संगठन की गरिमा के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन या नारेबाजी नहीं होगी।

ज्ञापन सौंपने के बाद उसकी पावती प्राप्त की जाएगी तथा समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार घाटोडे ने जिले के सभी पेंशनरों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की एकजुटता ही उनकी मांगों को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।