पीलीभीत/उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड सीआईएसएफ (CISF) सब-इंस्पेक्टर के घर में 30 वर्षीय शिक्षक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पीलीभीत निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है।

यह पूरी घटना नारायणपुर गांव की है, जहां पूर्व अधिकारी पूरन सिंह अपने घर पर आईईएलटीएस (IELTS) कोचिंग क्लासेस चलाते थे। पुलिस के अनुसार, सुखदेव का इस घर में अक्सर आना-जाना था, लेकिन बीती रात हुई इस वारदात ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों ने इसे सीधे तौर पर हत्या करार दिया है, जबकि आरोपी पक्ष इस मामले को आत्मघाती कदम बता रहा है।

मृतक सुखदेव के पिता हरजिंदर सिंह ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि यह वारदात ‘ऑनर किलिंग’ या प्रेम प्रसंग के शक में की गई है। पिता के मुताबिक, पूरन सिंह को यह शक था कि उनके बेटे का उसकी बेटी के साथ अफेयर चल रहा है और वह उसे फोन करके परेशान करता था।

आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पूरन सिंह ने साजिश के तहत सुखदेव को अपने घर बुलाया और वहां उसकी जान ले ली। हालांकि, मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विक्रम दहिया ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में मामला केवल प्रेम प्रसंग तक सीमित नहीं लग रहा है, बल्कि इसमें आपसी आर्थिक लेन-देन और वित्तीय विवाद के संकेत भी मिल रहे हैं।

दूसरी ओर, आरोपी रिटायर्ड अधिकारी पूरन सिंह ने पुलिस के सामने एक अलग ही कहानी पेश की है। पूरन सिंह का दावा है कि सुखदेव उनके घर आया और अचानक गुस्से में आकर अपनी रिवॉल्वर निकाल ली। पूरन के मुताबिक, सुखदेव ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली उनकी पत्नी गुरमीत कौर को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इसके बाद सुखदेव ने रिवॉल्वर अपनी छाती पर सटाकर खुद को भी गोली मार ली।

पुलिस को जांच के दौरान मौके से एक रिवॉल्वर बरामद हुई है और एक गोली सुखदेव के सीने के आर-पार होकर पीछे की दीवार में धंसी हुई मिली है। घटना में घायल पूरन की पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल, पीलीभीत पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर रिटायर्ड सीआईएसएफ अधिकारी पूरन सिंह और उनकी पत्नी गुरमीत कौर के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरन सिंह को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी कि यह हत्या है या जैसा कि आरोपी दावा कर रहा है, यह कोई हिंसक टकराव का परिणाम था।