रायपुर। राजधानी रायपुर के अलग-अलग थाना इलाके में मारपीट की तीन घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें महिला शिक्षिका और उसके बेटे सहित तीन लोगों पर हमला हुआ। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खम्हारडीह पुलिस के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना निवासी शिक्षिका अनीता ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 जुलाई की रात उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले अक्षत शर्मा को सिगरेट पीते देख उसकी मां को इसकी जानकारी दी थी।

इसी बात से नाराज होकर 15 जुलाई की रात  9.15 बजे कचना बाजार से लौटते समय अक्षत शर्मा ने उनके बेटे अंश सिंह को बुलाया। विरोध करने पर अक्षत शर्मा ने बेटे का गला दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया। उसके साथ मौजूद दानिश चरानी और अन्य युवकों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंची अनीता के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

घटना में अनीता के दोनों घुटनों और दाहिने हाथ तथा उनके बेटे के गर्दन, कंधे और बाएं हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टिकरापारा संजय नगर निवासी और शिव नगर में फैब्रिकेशन कारखाना संचालित करने वाले मोहम्मद बशीर ने शिकायत में बताया कि 17 जुलाई की शाम  6.30 बजे कारखाने में टाटा एस वाहन से टाइल्स उतरवाई जा रही थी।

इसी दौरान सादिक और अमान स्कूटी से पहुंचे और वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद करने लगे। दोनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। बशीर पर हाथ-मुक्कों, रॉड व डंडे से मारपीट की गई। मारपीट में बशीर के माथे, बाएं हाथ और दोनों पैरों में चोटें आईं।