बिलासपुर… दुर्गा पंडाल के पास शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंच गया। आरोप है कि पहले दो भाइयों के साथ मारपीट की गई, फिर कुछ लोग उनके घर में घुस गए और परिजनों के साथ भी मारपीट करते हुए मोटरसाइकिल और दरवाजे में तोड़फोड़ की। मंगला के गोपी चौक क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत नाबालिग के खिलाफ भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, यादव मोहल्ला, गोपी चौक निवासी शुभम यादव ने 20 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गया था। इसी दौरान महेंद्र उर्फ गोलू यादव और उसके भतीजे के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों भाइयों के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की गई।

शिकायत के मुताबिक, विवाद यहीं नहीं थमा। आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ शुभम के घर में घुस गए और उसके तथा परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान मोटरसाइकिल और घर के दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने 26 अक्टूबर को महेंद्र उर्फ गोलू यादव, संकेत यादव, ओंकार यादव और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

चारों आरोपी मंगला के गोपी चौक क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।