बिलासपुर.. गौवंश  के अवैध वध और मांस विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गोमांस, वध में प्रयुक्त हथियार और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में गौवंश के अवैध वध और मांस के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दर्रीकापा में दो व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गौवंश का वध कर उसका मांस बेच रहे हैं।

सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर राकेश अनंत और राहुल अनंत, दोनों निवासी दर्रीकापा, को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गोमांस, दो खुरपे, दो टंगिया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीजी 10 बीके 9940 जब्त की। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि गौवंश के अवैध वध, मांस के अवैध परिवहन और बिक्री जैसे अपराधों के प्रति बिलासपुर पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।