बिलासपुर.. रतनपुर–बेलगहना–गौरेला-पेंड्रा–अमरकंटक मार्ग पर ग्राम बांसाझाल स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं और लोगों से अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर नहीं आने की अपील की है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के अधिकारियों ने बताया कि पुलिया की मरम्मत और यातायात बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। हालांकि मार्ग पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

छोटी गाड़ियों और छोटी बसों के लिए बांसाझाल घटना स्थल से पहले दाहिनी ओर मुड़कर बारीडीह बस्ती होते हुए गौरेला-पेंड्रा पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग केवल हल्के वाहनों के लिए उपयुक्त है।

इसके अलावा अन्य वाहनों के लिए रतनपुर–शनिचरी चौक–जूना शहर–जोगीपुर चौक–अमाली–कंचनपुर–बेलगहना रोड तथा रतनपुर–कोटा–बेलगहना–पेंड्रा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और मरम्मत कार्य पूरा होने तक धैर्य बनाए रखें। इससे अनावश्यक जाम और दुर्घटना की आशंका से बचा जा सकेगा।