बिलासपुर। शहर के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सोमवार तड़के सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध मौत और चार नाबालिग बंदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं घटना के बाद गंभीर अपराधों में निरुद्ध चार नाबालिग बंदियों के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरेंद्र कुमार खाण्डे पिता फेंकूलाल खाण्डे, बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार के रूप में पदस्थ थे। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात ड्यूटी के दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र खाण्डे के हाथ-पैर गमछे से बांधे गए थे, उनके साथ मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। उनका कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले के गंभीर अपराधों में निरुद्ध चार नाबालिग बंदी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि हत्या और फरारी के बीच क्या संबंध है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नरेंद्र कुमार खाण्डे लंबे समय से तबादले की मांग कर रहे थे, लेकिन विभाग ने उनकी अर्जी पर ध्यान नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उनका स्थानांतरण हो गया होता तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

पुलिस ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगा। फिलहाल हत्या, फरारी और सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।