LIVE UPDATE
Chhattisgarh

औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, धान खरीदी पर कलेक्टर की पैनी नजर

खरीदी से उठाव तक फुल कंट्रोल, धान उपार्जन पर प्रशासन अलर्ट

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र ग्राम बरदर का आकस्मिक निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रक्रिया, भंडारण, उठाव और प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।

उठाव में तेजी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मिलर्स और परिवहन एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर नियमित एवं तेज गति से धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर उठाव नहीं होने से केंद्रों में अव्यवस्था की स्थिति बनती है, जिसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।

जिले में धान खरीदी की स्थिति

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले में धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है। जिले के 49 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 43 हजार 44 किसानों से लगभग 27 लाख 91 हजार 294 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 661 करोड़ 25 लाख 77 हजार 233 रुपये का भुगतान किया गया है।

अब तक मिलर्स द्वारा लगभग 8 लाख 9 हजार 734 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि करीब 11 लाख 43 हजार 93 क्विंटल धान के लिए डीओ जारी किया गया है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close