बिलासपुर..महिला संबंधी शिकायतों की सुनवाई के लिए सोमवार को हुई राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई में 13 प्रकरण सामने आए। किसी मामले में पति-पत्नी के बीच मतभेद खत्म कर साथ रहने पर सहमति बनी तो किसी में भरण-पोषण का मामला न्यायालय में लंबित मिला। एक प्रकरण में धर्म परिवर्तन से जुड़ा विषय सामने आने पर संबंधित थाने से जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। कई मामलों में पक्षकारों की अनुपस्थिति के कारण अगली सुनवाई की तारीख तय की गई।

जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में हुई सुनवाई में महिला उत्पीड़न और अन्य महिला संबंधी शिकायतों पर दोनों पक्षों की बात सुनी गई। प्रकरणों की स्थिति के आधार पर आयोग ने आगे की कार्रवाई तय की।

एक मामले में आवेदिका और अनावेदक दोनों मौजूद थे। दोनों ने अपने मतभेद खत्म कर आपसी सहमति से साथ रहने पर सहमति जताई। भविष्य में विवाद नहीं करने की बात भी कही। समझौते के बाद आयोग ने प्रकरण नस्तीबद्ध कर दिया।

दूसरे मामले में आवेदिका मौजूद थीं, जबकि अनावेदक अनुपस्थित रहा। मामला भरण-पोषण से जुड़ा था और आवेदन न्यायालय में लंबित बताया गया। दूसरी पत्नी से संबंधित विषय होने के कारण आयोग ने आवेदिका के अधिवक्ता से आवश्यक चर्चा कर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष रखने कहा। अनावेदक के मुंगेली जिले में वर्ग-2 शिक्षक के पद पर पदस्थ होने की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग, मुंगेली को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।

एक अन्य मामले में आवेदिका तो पहुंचीं, लेकिन अनावेदक नहीं आया। आयोग ने फोन पर उससे संपर्क किया। उसने सुनवाई की तारीख को लेकर गलतफहमी होने की बात कही। इस प्रकरण को अगली सुनवाई के लिए रखा गया।

एक मामले में आवेदिका की बेटी सुनवाई में पहुंचीं और आवेदन पेश किया। उन्होंने बताया कि अगली तारीख पर आवेदिका खुद उपस्थित होंगी। आयोग ने प्रकरण को आगामी सुनवाई के लिए रखा।

धर्म परिवर्तन से जुड़ा विषय भी एक प्रकरण में सामने आया। इस मामले में आवेदिका सुनवाई में उपस्थित नहीं हुईं, जबकि अनावेदक पक्ष मौजूद था। आयोग ने आवेदिका से फोन पर संपर्क किया। निर्धारित समय तक उनकी उपस्थिति नहीं होने पर अनावेदक पक्ष की बात सुनी गई। उनके द्वारा आवेदिका की ओर से अलग-अलग स्थानों पर शिकायत किए जाने सहित अन्य तथ्य आयोग के सामने रखे गए। आयोग ने सिविल लाइन थाने से मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी लेने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। अगली सुनवाई में आवेदिका को बुलाने तथा अनावेदक पक्ष को नहीं बुलाने का निर्णय लिया गया।

आयोग की जनसुनवाई में सामने आए मामलों में कई प्रकरणों में पक्षकारों की मौजूदगी, अनुपस्थिति और पहले से चल रही न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर अगली कार्रवाई तय की गई।