Cg news।रायगढ़।छत्तीसगढ़ की रायगढ़ जिला पुलिस द्वारा फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है.

शहर की श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी से फर्जी वाउचर और जाली बैंक खातों के जरिए करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी प्रकाश मिश्रा ने पुलिस के चौतरफा दबाव के बाद अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. कोर्ट से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

उल्लेखनीय है कि इस हाई-प्रोफाइल वित्तीय फर्जीवाड़े में शामिल सह-आरोपी दीपक शर्मा को पुलिस ने जुलाई 2026 में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. मुख्य आरोपी प्रकाश मिश्रा (27 वर्ष), निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा (जूटमिल, रायगढ़) वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी.

यह पूरा मामला 24 मार्च 2026 को सामने आया था, जब ढिमरापुर चौक स्थित श्रीराम ट्रांसपोर्ट के संचालक कमल किशोर शाह ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार कंपनी में कार्यरत ऑपरेटर प्रकाश मिश्रा और दीपक शर्मा ट्रांसपोर्टिंग वाहनों के बिल और वाउचर तैयार कर भुगतान के लिए प्रस्तुत करते थे.

जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी सितंबर 2025 से एक ही वाउचर नंबर पर अलग-अलग वाहनों के नाम से डुप्लीकेट वाउचर तैयार कर रहे थे और कंपनी के खजाने से अनधिकृत भुगतान उठा रहे थे.

फर्जीवाड़े की रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने संदीप बंसल, जासमिन बंजारा, नेहा चौहान, सूर्यकांत अग्रवाल, कमल बसोड़ और प्रियंका गुप्ता नामक व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया. इन खाताधारकों को थोड़ा सा कमीशन देकर बाकी राशि PayTM, फोन-पे और क्यूआर कोड के माध्यम से आपस में बांट ली जाती थी.

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) और 60 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी.

विवेचना के दौरान कोतवाली पुलिस ने जब बिल-वाउचरों में दर्ज गाड़ियों के पंजीयन नंबरों का क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) से सत्यापन कराया, तो बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ.

जांच में पाया गया कि बिलों में दर्ज कई नंबर भारी मालवाहक ट्रकों के नहीं, बल्कि दोपहिया वाहनों (बाइक/स्कूटी) और छोटी निजी कारों के थे. जब पुलिस ने इन वाहनों के वास्तविक मालिकों से पूछताछ की, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने श्रीराम ट्रांसपोर्ट के लिए कभी कोई परिवहन काम नहीं किया था. इससे यह बात सौ फीसदी साबित हो गई कि जाली बिल बनाकर कंपनी को चूना लगाया जा रहा था.

इससे पूर्व 29 जुलाई 2026 को पुलिस ने दबिश देकर सह-आरोपी दीपक शर्मा (32 वर्ष), निवासी दरोगापारा को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया था कि वह प्रकाश मिश्रा के साथ मिलकर यह खेल रचता था. दीपक ने खुलासा किया था कि 32 लाख की कुल ठगी राशि में से उसने लगभग ₹15 लाख स्वयं रखे थे और करीब ₹16-17 लाख प्रकाश मिश्रा को दिए थे.

अब गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी प्रकाश मिश्रा ने भी पूछताछ में फर्जी वाउचर तैयार करने और डिजिटल माध्यमों से ठगी का पैसा ट्रांसफर करने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फर्जी बैंक खातों, डिजिटल पेमेंट ट्रेल और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है.