बिलासपुर..चकरभाठा के एयरपोर्ट तिराहे से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिलकर होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी की थी। पूछताछ में एक अन्य पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी की चोरी का मामला भी सामने आया। आरोपियों के कब्जे से दोनों मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की गई है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिव शंकर सिंगरौले 14 अक्टूबर को अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल से एयरपोर्ट तिराहे की ओर गए थे। उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और पैदल टहलने चले गए। वापस लौटे तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर उन्होंने 17 अक्टूबर को चकरभाठा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमन वर्मा, रंजीत श्रीवास, आशीष वर्मा, अजय उर्फ अज्जू वर्मा, नरेश गोड़ और मानस यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी की चोरी की जानकारी भी दी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक बैटरी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक को पुलिस ने गुंडा बदमाश बताया है। हालांकि, प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि छह में से किस आरोपी को इस श्रेणी में रखा गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।