फील्ड पर दिखे विकास की चमक – उप मुख्यमंत्री साव का आदेश… गुणवत्ता और समय का रखें ध्यान

बिलासपुर…उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का असर सीधे जनता तक पहुँचना चाहिए। साव ने कहा कि “फील्ड पर कार्य दिखना चाहिए, समय-सीमा तय कर योजनाओं को पूर्ण करें और हर कार्य में गुणवत्ता के साथ जन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।”
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौधाम योजना के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र कार्ययोजना बनाकर कार्य शुरू किया जाए। साथ ही अटल परिसरों और नालंदा परिसरों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय नवाचारों के साथ योजनाओं का सुदृढ़ीकरण और विस्तार किया जाए ताकि उनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे। सभी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करना अनिवार्य है। अधिकारियों को नगरीय निकायों के सेट-अप पुनरीक्षण, वर्गीकरण और रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक समन्वय कर स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो, जिससे कर्मचारियों की कार्य क्षमता प्रभावित न हो।
दीपावली तक हर वार्ड में प्रकाश
उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों में समुचित स्ट्रीट लाइटिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की आबादी के अनुरूप पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। दीपावली के पहले सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पूरी होनी चाहिए। पार्षद निधि के माध्यम से इसका प्रस्ताव आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।
‘वीमेन फॉर ट्री’ अभियान में उल्लेखनीय स्थान
‘वीमेन फॉर ट्री’ अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 1,33,000 पौधे लगाए जा चुके हैं, जो स्वीकृत कुल पौधरोपण का 80 प्रतिशत है। अभियान के तहत कुल 1.66 लाख पौधे लगाए जाने हैं। श्री साव ने कहा कि “यह गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ देश में दूसरे स्थान पर है। शेष पौधरोपण कार्य सितम्बर माह के अंत तक पूरा किया जाए।”
पौधों की देखभाल और सुरक्षा का कार्य 1,701 महिला समूहों को सौंपा गया है। इसके लिए कुल 27 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत की 444 परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है।
जल प्रदाय और स्वच्छता योजनाओं में तेजी
बैठक में राज्य बजट से स्वीकृत 21 जल प्रदाय परियोजनाओं और एसटीपी निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राक्कलन, निविदा और अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर कार्य शुरू किया जाए। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं – स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना – के कार्यों में भी समय-सीमा के भीतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, सूडा के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय, अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंत में कहा – “विकास केवल कागज पर नहीं, फील्ड में दिखाई देना चाहिए। हर योजना का लाभ आम नागरिक तक पहुँचना ही सरकार की प्राथमिकता है।





