शाम की सीधी उड़ान से दिल्ली अब नजदीक—3 मई से बिलासपुर को हवाई कनेक्टिविटी की बड़ी उड़ान”
शाम की उड़ान से सीधे दिल्ली—3 मई से बिलासपुर को बड़ी हवाई सौगात

बिलासपुर.. बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा से 3 मई से दिल्ली के लिए सीधी शाम की उड़ान शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर की इस सेवा के शुरू होते ही लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
शाम 6:45 उड़ान—रात 9:25 दिल्ली पहुंच
नई व्यवस्था के तहत विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। यह उड़ान रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। शुरुआती चरण में यह सेवा हर रविवार संचालित होगी, जिसे आगे यात्रियों की संख्या के आधार पर सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाने की योजना है।
दिनभर काम, शाम को सफर—बड़ी राहत
इस उड़ान की सबसे बड़ी खासियत इसका समय है। अब यात्री दिनभर अपने व्यावसायिक, शासकीय या निजी काम निपटाकर सीधे शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ यात्रा अधिक सुविधाजनक और व्यवहारिक बनेगी।
तकनीकी फायदा—अब पूरी क्षमता से उड़ान
शाम के समय उड़ान संचालन से एक अहम तकनीकी समस्या भी खत्म होगी। दोपहर की गर्मी में लगने वाली ‘लोड पेनल्टी’ अब नहीं लगेगी, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा। इसका सीधा लाभ यात्रियों को ज्यादा सीट उपलब्ध होने के रूप में मिलेगा।
विकास को रफ्तार—व्यापार,निवेश को बढ़ावा
दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। यह उड़ान केवल यात्रा सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास के लिए भी एक अहम कदम मानी जा रही है।





