LIVE UPDATE
Bilaspur

जनदर्शन में समस्याओं का अंबार—सुनवाई हुई, अब समाधान पर सवाल

शिकायतें ही शिकायतें—जनदर्शन में ग्रामीणों ने रखी बुनियादी जरूरतों की सच्चाई

बिलासपुर …जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को शहर और ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आवेदन सुने और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन सबसे बड़ा सवाल वही—इन निर्देशों का जमीन पर असर कब दिखेगा।

मुक्तिधाम पर कब्जा—गांव की जमीन पर विवाद

कोटा विकासखंड के ग्राम छतौना से पहुंचे सरपंच और ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर आरोप लगाया कि गांव के मुक्तिधाम की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जमीन मुक्त कराने की मांग की।

शौचालय को तरसती वृद्धा—मजबूरी में बाहर

मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम खोरसी की वृद्ध महिला जहाज बाई ने शौचालय निर्माण के लिए सहायता मांगी। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण घर में शौचालय नहीं बन पाया, मजबूरी में खुले में जाना पड़ता है—जो आज भी कई गांवों की हकीकत है।

योजना का लाभ अब तक नहीं

ग्राम करमा की त्रिवेणी साहू ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। उनका कहना है कि जमीन नहीं होने के कारण मजदूरी ही सहारा है, लेकिन योजनाओं का लाभ अब तक नहीं मिल पाया।

किसान ने उठाया सुरक्षा का सवाल

बिल्हा ब्लॉक के ग्राम केसला से आए उत्तम रात्रे ने बोर पंप की खराब विद्युत केबल बदलने की मांग की। उन्होंने बताया कि केबल कई जगह से कटी हुई है, जिससे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है और खेत में काम करना जोखिम भरा हो गया है।

पेंशन अटकी, आवास अधुरा

ग्राम बिरगहनी के शिवनंदन यादव ने चार-पांच महीने से रुकी वृद्धावस्था पेंशन जारी कराने की मांग की। वहीं चनाडोंगरी के देवसिंह गेंदले ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया।

निर्देश जारी—लेकिन असर पर नजर जरूरी

जनदर्शन में भूमि, पेंशन, आवास, बिजली और राजस्व से जुड़े दर्जनों आवेदन सामने आए। कलेक्टर ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। लेकिन असली परीक्षा अब इस बात की है कि इन शिकायतों का समाधान कितनी तेजी और पारदर्शिता से होता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close