वाराणसी.उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जगतगंज पीजी कॉलेज से केमिस्ट्री में एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही 21 वर्षीया छात्रा श्रेया उपाध्याय की निर्मम हत्या कर दी गई.

छात्रा का शव बच्छाव इलाके में स्थित एक किराए के कमरे के बाथरूम से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, मृतका के गले पर धारदार हथियार से हमले और सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं.

परिजनों के अनुसार, श्रेया 18 अगस्त को हमेशा की तरह घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. जब कॉलेज पहुंचने पर पता चला कि वह उस दिन कॉलेज आई ही नहीं थी, तो परिवार ने जक्खिनी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिसकी अंतिम लोकेशन बच्छाव इलाके के मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली. इसी दौरान परिजनों को परिवार के ही एक दूर के रिश्तेदार विवेक चौबे के भी गायब होने की जानकारी मिली.

खोजबीन के दौरान परिजनों को आरोपी विवेक चौबे के ननिहाल से उसके बच्छाव वाले कमरे की चाबी मिली. जब परिजन उस चाबी से कमरे का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो तेज दुर्गंध के बीच बाथरूम में श्रेया का शव बरामद हुआ.

परिजनों का आरोप है कि विवेक ने ही धोखे से कमरे में बुलाकर श्रेया की हत्या की और शव को छिपाकर मौके से फरार हो गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. डीसीपी क्राइम नीतू कादयान ने बताया कि परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी विवेक चौबे के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा का विवाह उसके पिता द्वारा किसी अन्य युवक से तय कर दिया गया था. ऐसे में पुलिस इस वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग या शादी तय होने को लेकर हुए विवाद के पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मौके से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है, और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा.