बिलासपुर..ठंड से बचने के लिए आग जलाने की तैयारी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। आग जलाने लकड़ियां तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज और मारपीट के बीच धारदार हथियार निकल आए। 17 वर्षीय मयंक ध्रुव के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर हालत में उसे सिम्स पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस खूनी संघर्ष में दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सरकंडा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य घायल आरोपी सिम्स में भर्ती हैं।

घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10.30 बजे के बीच अशोकनगर के बगदाई मंदिर के पास स्थित अटल आवास के डी-ब्लॉक में हुई। बताया गया कि कुछ युवक छत पर ठंड से बचने के लिए आग जलाना चाहते थे। इसके लिए लकड़ियां छत पर पटककर तोड़ी जा रही थीं। इसी आवाज और लकड़ी तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्ष छत से नीचे डी-ब्लॉक के पास पहुंच गए। यहां गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।

चाकू के वार से लहूलुहान, अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, पहले पक्ष की ओर से श्रवण ध्रुव ने शिकायत की है कि आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, भोलू उर्फ विकास मानिकपुरी और सुदामा साहू ने एकराय होकर मारपीट की। इसी दौरान आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी ने मयंक ध्रुव पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया। उसके सीने, पेट और पीठ पर लगातार वार किए गए। गंभीर रूप से घायल मयंक को परिजन तत्काल सिम्स लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रॉड और धारदार हथियार से किया हमला

इस घटना में दूसरे पक्ष ने भी चुप्पी नहीं साधी। विकास मानिकपुरी ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया। इस दौरान उसके सिर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू भी धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो घायल अस्पताल में

दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के मामले में पुलिस ने विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार और गोपाल सोन को गिरफ्तार किया है। दोनों अटल आवास के निवासी हैं। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी घायल होने के कारण सिम्स में उपचाररत हैं। पुलिस का कहना है कि उनके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अशोकनगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम मामले की जांच कर रही है।

लकड़ी तोड़ने की बात पर शुरू हुआ विवाद आखिर चाकू तक कैसे पहुंचा? किसने पहले हमला किया और खूनी संघर्ष में किसकी क्या भूमिका रही? इन सवालों का जवाब पुलिस की विवेचना से सामने आएगा। फिलहाल एक किशोर की जान जा चुकी है और दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में हैं।