रायगढ़ । सवरा समाज में सामाजिक एकता को मजबूत करने और समाज को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित करने की दिशा में 17 नवंबर को ग्राम गंझियाडीह में जिला इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ जाति प्रमाण पत्र संघर्ष समिति के युवा प्रकोष्ठ प्रमुख शत्रुघ्न सिंह सिदार रायगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जशपुर पूर्वी रायगढ़ के जिलाध्यक्ष सुनाधर विशाल ने की।

बैठक में शत्रुघ्न सिंह सिदार ने सवरा समाज के जाति प्रमाण पत्र संघर्ष की कहानी साझा करते हुए बताया कि मात्रात्मक त्रुटि के चलते जाति प्रमाण पत्र की समस्या से जूझ रहे समाज को करीब 14 साल के लंबे सामाजिक संघर्ष के बाद सफलता मिली थी। उन्होंने समाज की बोली और भाषा के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2011 की जनगणना के अनुसार सवरा समाज की आबादी देश के विभिन्न राज्यों में 14 लाख से अधिक है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में समाज के लोग निवास करते हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष निरंजन बीसी, पूर्व राज्यसभा सांसद ओडिशा, राष्ट्रीय संरक्षक एवं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरधर गमांग, महाराष्ट्र के पूर्व आदिवासी मंत्री विष्णु सावरा और समाज के प्रमुख संत श्री श्री टिक्की बाबा सहित समाज के वरिष्ठ लोगों का आशीर्वाद और सहयोग लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। बैठक में समाज को एकजुट कर राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में आगामी फरवरी महीने में ग्राम लिबरा, ब्लॉक तमनार में जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह सामूहिक रूप से शबरी पूजन आयोजित करने पर सर्वसम्मति बनी। रायगढ़ जिले के नदीगांव में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी सहमति जताई गई।

बैठक में जिला सचिव दिलीप भोय, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्योधन दिनकर, आनंद भोय जिला उपाध्यक्ष, बोधराम विशाल जिला संगठन मंत्री, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता घसिया भोय, फरसाबहार ब्लॉक अध्यक्ष झबेर कुमार भोय, पत्थलगांव ब्लॉक अध्यक्ष सुमत कुमार भोय, लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष लाला राम भोय, तमनार ब्लॉक अध्यक्ष मायाधर सरल, घरघोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष संतोष विशाल, धरमजयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कुमार भोय, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब सिदार, पूर्व सरपंच कीर्तन भोय सहित मोहन भोय, संजय भोय, टिकेश्वर भोय, उसत भोय, सुबेमनु भोय, रघुनाथ भोय, बिहारी भोय और मुनकुलाल विशाल मौजूद रहे। बैठक में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक पदाधिकारियों की भी भागीदारी रही।

कार्यक्रम का संचालन लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष लाला राम भोय ने किया। जिला सचिव दिलीप भोय ने सामाजिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक के समापन की घोषणा की गई।