Highcourt recruitment।बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में आकस्मिकता निधि से वेतन पाने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर निकली भर्ती प्रक्रिया में नियमों की सख्ती का असर साफ दिखने लगा है।

प्राप्त आवेदनों की सूक्ष्म जांच के बाद हाई कोर्ट प्रशासन ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को झटका देते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में दो अलग-अलग सूचियां प्रकाशित की गई हैं, जिनमें हजारों उम्मीदवारों के आवेदन या तो सीधे खारिज कर दिए गए हैं या उन्हें अनंतिम रूप से अपात्र घोषित किया गया है।

Highcourt recruitment।।भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, विज्ञापन में तय की गई अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले कुल 852 आवेदन पत्रों को नियमों के तहत सीधे तौर पर निरस्त कर दिया गया है।

इसके अलावा, पात्रता शर्तों की जांच के बाद जो अनंतिम अपात्र सूची जारी की गई है, वह 171 पृष्ठों लंबी है। इस विशाल सूची में 3500 से अधिक अभ्यर्थियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि अकेले सूची के शुरुआती 61 पृष्ठों में ही 1280 अभ्यर्थियों के नाम दर्ज हैं।

इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे दिलचस्प और हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि कई अभ्यर्थियों के लिए उनकी अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता Over-qualification ही उनकी अयोग्यता का कारण बन गई।

सूची में ऐसे कई युवाओं के नाम हैं जिन्होंने निर्धारित न्यूनतम योग्यता (आठवीं पास) से आगे बढ़कर 10वीं, 12वीं, स्नातक या यहां तक कि स्नातकोत्तर Post-Graduation की शिक्षा प्राप्त कर रखी है।

आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई तकनीकी और जरूरी चूक सामने आईं

  • निर्धारित प्रारूप में नोटरीकृत शपथ पत्र (Notarized Affidavit) संलग्न न करना।
  • आवेदन पत्र या शपथ पत्र पर हस्ताक्षर का अभाव होना।
  • आवश्यक मूल दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की कमी।

जांच में यह भी पाया गया कि कई अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र के निर्धारित कॉलम (विशेषकर कॉलम क्रमांक 3, 6, 7, 9, 14 और 15) में आवश्यक जानकारी नहीं भरी थी और कई जगहों पर फोटो चस्पा करना भी भूल गए थे।

इसके अलावा, निर्धारित न्यूनतम आयु से कम उम्र के या अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को भी नियमों के दायरे में अयोग्य माना गया है।

साथ ही, छत्तीसगढ़ का मूल निवासी प्रमाण पत्र और आठवीं उत्तीर्ण होने की अंकसूची संलग्न न करने वाले उम्मीदवारों के आवेदन भी खारिज किए गए हैं।