रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के करीब एक महीने बाद पीड़िता ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामले में दो नाबालिग बालकों को गिरफ्तार कर बाल न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता कक्षा आठवीं की छात्रा है।

उसके परिजन मजदूरी करते हैं। बताया गया है कि 25 सितंबर को छात्रा अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस समय घर पर सहेली का भाई और उसका एक दोस्त मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को अकेला पाकर डराया-धमकाया और उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद आरोपियों ने उसे किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

धमकी के डर से छात्रा ने घटना के बारे में शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। करीब एक महीने बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद जब उन्होंने बेटी से पूछताछ की, तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

बेटी की आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने तत्काल विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों में से एक नौवीं कक्षा का छात्र है, जबकि दूसरा स्कूल नहीं जाता है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।